मुंबई में एक लड़की के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुर्ला इलाके में स्थित एक खाली इमारत में लड़की से रेप के बाद उसकी हत्या कर शव छोड़ दिया गया। शव से बदबू आने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। विनोबा भावे पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। दोनों पीड़िता को जानते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है।
इस मामले में मुंबई के डीसीपी (जोन-5) अशोक प्रणय ने बताया कि उन्हें विघटित अवस्था में एक शव की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद पता चला कि उसके साथ बलात्कार और हत्या की गई थी। इसके आधार पर हमने मामला दर्ज़ किया है। मामले में जांच जारी है।
सितंबर में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म
इसी साल सितंबर महीने में कुर्ला इलाके में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई थी। बेहोशी की हालत में लड़की को अस्पताल में पहुंचाया गया था। साकीनाका इलाके में एक ऑटो के अंदर युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसपर हमला किया गया। आरोपियों ने बर्बरता की सारी सीमाएं पार कर महिला के निजी अंगों में लोहे की रड डाल दी। महिला की हालत बेहद नाजुक बन गई थी। गंभीर हालात में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।