पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान में 20 लोग एक हिंसा में घायल हो गए हैं। यह घटना सोशल मीडिया पर कुछ स्थानीय महिलाओं की मॉर्फ्ड तस्वीरें वितरित होने की वजह से घटी। इस मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा, 'एक स्थानीय निवासी बाकी शेख की भागीदारी पर संदेह जताते हुए, परिवार की एक महिला उसे डांटने के लिए गई थी। कुछ लोग शेख के समर्थन में आ गए। दोनों समूहों के बीच कहा-सुनी हुई और जिसकी वजह से हिंसा हो गई।'
दोनों समूहों ने एक-दूसरे पर
देसी बम फेंके और रॉड के साथ ही पत्थर से हमला किया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची लेकिन उस परिस्थिति पर नियंत्रण पाने में काफी मुश्किल हुई। एक अधिकारी ने कहा कि 15 लोगों को कलना के उपप्रभागीय अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है। सभी को आज दिन में अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। सूत्रों का कहना है कि आरोपी को भारतीय दण्ड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
क्षेत्र में पुलिसबल की तैनाती की गई है। एसपी भास्कर मुखर्जी ने कहा, 'तुरंत कार्यवाही की गई थी और परिस्थिति को नियंत्रण में लाया गया। अभी तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य लोगों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।' एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि वह उस शख्स की पहचान करने में जुटे हैं जिसने तस्वीरों को मॉर्फ करके वितरित किया है। अधिकारी ने कहा, 'इसके लिए हमें निश्चित प्रमाण की आवश्यकता है। हम केवल शक के आधार पर किसी को उत्तरदायी नहीं बना सकते। आने वाले 1-2 दिनों में आरोपी की पहचान हो जाएगी।'
स्थानीय निवासी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से हम अपने परिवार के सदस्यों की मॉर्फ्ड तस्वीरों को
फेसबुक पर अपमानजनक कैप्शन के साथ देख रहे थे। हमने आरोपी को ढूंढ निकाला और पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ गया था। लेकिन कल नमाज के बाद कुछ बदमाशों ने हमपर हमला कर दिया और बम फेंके।