आज 2 मई 2026 को ज्येष्ठ मास की कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा है। आज गृह मंत्री अमित शाह आपदा संचार प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। वहीं, आईपीएल में चेन्नई और मुंबई के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
गृह मंत्री मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का शुभारंभ करेंगे
केंद्रीय मंत्री अमित शाह शनिवार को मोबाइल आधारित आपदा संचार प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहेंगे। यह प्रणाली दूरसंचार विभाग की ओर से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से विकसित की गई है। इसका मकसद नागरिकों को समय पर महत्वपूर्ण जानकारी देना है। एनडीएमए ने टेलीमैटिक्स विकास केंद्र की ओर से विकसित एकीकृत अलर्ट सिस्टम को चालू कर दिया है।
कोलकाता में भाजपा की बैठक
भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में मतगणना की तैयारियों की समीक्षा के लिए कोलकाता में उच्च स्तरीय बैठक करेगी। दरअसल, मतगणना प्रक्रिया से पहले पार्टी के सक्रिय होने के साथ बैठक में रणनीति, समन्वय और जमीनी स्तर की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, ताकि मतगणना केंद्रों पर सुचारू निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
नाइट रनर का कार्यक्रम
नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 2 मई को नाइट रनर दिल्ली 2026 का आयोजन होगा। द सिटी रन आफ्टर डार्क थीम पर आधारित यह कार्यक्रम दौड़, संगीत और रोशनी का खास संगम होगा। यह इवेंट एक रनिंग म्यूजिक फेस्टिवल की तरह आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रतिभागी रात के समय दौड़ का अलग अनुभव ले सकेंगे। इसमें तीन श्रेणियों में दौड़ रखी गई है। कार्यक्रम में अमर उजाला मीडिया पार्टनर की भूमिका निभाएगा।