छत्तीसगढ़ के दंतेवाडा में सुरक्षाकर्मियों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार नक्सलियों की मौत हो गई। मारे गये चार नक्सलियों में एक कमांडर रैंक की महिला नक्सली है जबकि दूसरा झीरम वैली में हमले का मुख्य अभियुक्त है।
दंतेवाडा के पुलिस अधीक्षक कमलोचन कश्यप ने बताया कि यह पुलिस, एसटीएफ और सीआरपीएफ का संयुक्त अभियान था। सुकुमा के पास जब्बा कुन्ना के जंगलों में नक्सलियों के छुपे होने की गुप्त सूचना के बाद संयुक्त टीम ने जंगलों में सर्च अभियान शुरु किया और मुठभेड़ के दौरान 4 नक्सलियों को मार गिराया हालांकि इस बीच सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया।
मारे गये नक्सलियों में दो की पहचान कर ली गई है। इनमें से एक 26 वीं प्लाटून कमांडर मडकामी देवे है और दूसरे नक्सली की पहचान कले कल्याण एरिया कमांडर मासा के रूप में हुई है। मासा झीरम हमले में वांछित था। सुरक्षा बलों ने शवों के अतिरिक्त तीन .303 रायफल, 315 बोर और 12 बोर समेत की रायफल आठ हथियार बरामद किये हैं।