फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अधिशासी अभियंता के ठिकानों से 2.67 करोड़ बरामद

Tue, 20 Dec 2016 08:21 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
- फोटो : amarujala
विज्ञापन
आयकर विभाग ने सिंचाई विभाग मेरठ खंड गंगनहर के अधिशासी अभियंता आरके जैन के सरकारी आवास समेत पांच ठिकानों पर छापेमारी कर 2.67 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। इसमें से 22 लाख रुपये उनके आवास से मिले हैं। जिसमें 17 लाख रुपये दो-दो हजार के नए नोट हैं, जबकि पांच लाख की पुरानी करेंसी है।
विज्ञापन


इसके अलावा 2.45 करोड़ रुपये की पुरानी करेंसी और 30 किलो चांदी दो बैंक लॉकरों से जब्त की गई है। सोमवार सुबह करीब सात बजे से शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक चली। टीम ने इस दौरान उनके कार्यालय, वसुंधरा (गाजियाबाद) स्थित निजी आवास, अभियंता के बेटे की फाइनेंस कंपनी समेत बैंक लॉकर भी खंगाले। आयकर टीम आरके जैन को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।

आरके जैन मेरठ खंड गंगनहर में एक माह पहले ही अधिशासी अभियंता से अधीक्षण अभियंता के पद पर पदोन्नत हुए हैं। हालांकि, अभी भी वह अधिशासी अभियंता का ही जिम्मा संभाल रहे हैं। वह खुद बाउंड्री रोड स्थित सरकारी आवास नंबर ए-6 में और उनका परिवार गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-9 में रहता है।
विज्ञापन


गाजियाबाद में ही उनका बेटा फाइनेंस कंपनी चलाता है। आरके जैन सुबह करीब 6:30 बजे अपने सरकारी आवास पहुंचे थे। वह बाथरूम में थे, तभी तीन गाड़ियों में करीब आधा दर्जन आयकर अधिकारी, कर्मचारी और पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। अधिकारियों ने वहां मौजूद चपरासी से उनके बारे में पूछा और अंदर जाकर बैठ गए।

आरके जैन के बाथरूम से बाहर आते ही अफसरों ने अपना परिचय दिया। उनका और चपरासी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर घर की तलाशी शुरू कर दी। अफसरों ने पूरे आवास में गहन तलाशी कराई। तमाम फाइलें और अभिलेख खंगाले, लेकिन कुछ नहीं मिला।
विज्ञापन

खुलवाया सेफ का ताला

- फोटो : amarujala
खुलवाया सेफ का ताला
अफसरों ने एक सेफ का ताला खोलने को कहा तो जैन ने कहा कि चाबी नहीं है। इस पर अफसरों ने ताला खोलने वाले आरिफ नाम के शख्स को बुलाकर सेफ खुलवाई। इसमें दो-दो हजार रुपये के नोटों के साथ पुरानी करेंसी भी रखी थी। सूत्रों के मुताबिक, जैन के आवास से ठेकेदारों की पत्रावलियां और टेंडर संबंधी फाइलें भी बरामद की गई हैं।

फिर पहुंचे बड़े अधिकारी
करेंसी मिलने की सूचना पर अपर/संयुक्त आयकर निदेशक (जांच) एमके जैन अपराह्न करीब तीन बजे मौके पर पहुंचे। उनके सामने नोटों की गिनती हुई तो पता चला 17 लाख रुपये दो-दो हजार के नए नोट के रूप में हैं, जबकि पांच लाख पुरानी करेंसी में हैं। इन रुपयों के बारे में आरके जैन आयकर विभाग को कोई जवाब नहीं दे सके।

रात में खुलवाया बैंक लॉकर
आयकर टीम देर रात ईव्ज चौराहा स्थित सिंडिकेट बैंक पहुंची। शाखा खुलवाकर आरके जैन के दो लॉकरों की जांच की। इसमें 2.45 करोड़ की पुरानी करेंसी और 30 किलो चांदी बरामद हुई। इससे पूर्व सुबह ठीक 10 बजे आयकर विभाग की एक टीम आरके जैन के कार्यालय पहुंची और उनकी अलमारी, मेज की दराज आदि की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ नहीं मिला।

हमारी नजर निरंतर काले धन पर है। इसी कड़ी में यह छापा मारा गया है। अभी तक कुल 2.67 करोड़ रुपये और 30 किलो चांदी मिली है। इसमें 17 लाख रुपये नई करेंसी के रूप में हैं। जांच पूरी होने के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट की जाएगी। - एमके जैन, अपर/संयुक्त आयकर निदेशक (जांच)

मेरा एक बेटा फाइनेंस कंपनी चलाता है और एक प्रॉपर्टी का काम करता है। मेरे पास से मिले पैसे उन दोनों के ही हैं। बाकी मुझे इस संबंध में अभी कुछ नहीं कहना है। - आरके जैन, अधिशासी अभियंता
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें