हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक से सामूहिक दुष्कर्म व हत्या मामले के चारों आरोपियों के एनकाउंटर हुए एक सफ्ताह भी नहीं बीता था कि हैदराबाद में फिर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
हैदराबाद में एक 18 साल की युवती के साथ आठ दिसंबर को ऑटो रिक्शा चालक द्वारा दुष्कर्म करने की खबर सामने आ रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ऑटो रिक्शा चालक युवती को उसकी दादी के घर पहुंचाने का झांसा देकर ले गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म हुआ।
उन्होंने कहा कि युवती और उसकी 10 वर्षीय बहन आठ दिसंबर की रात अपने घर से दादी के घर जाते समय रास्ता भूल गई थी। उस समय एक ऑटो रिक्शा चालक की नजर उस पर पड़ी और वह दोनों को अपने घर ले गया। ऑटो रिक्शा चालक का एक छोटा भाई भी है, वह भी ऑटो चलाता है।
बड़ा भाई जब लड़िकयों को अपने घर ले गया तो उसकी मां ने उसे डांटा और अपने छोटे बेटे से दोनों लड़कियों को घर छोड़ने के लिए कहा। लेकिन छोटा भाई दोनों लड़कियों को घर छोड़ने के बजाय नामपल्ली के एक होटल में लेकर गया जहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। उस समय उसकी छोटी बहन सो रही थी।
पुलिस ने कहा कि आरोपी नौ दिसंबर को दोनों को फलकनुमा रेलवे स्टेशन के पास छोड़ कर भाग गया। इसके बाद पीड़ित युवती ने किसी तरह एक रिश्तेदार को बुलाया और अपने परिवार के पास पहुंची।
गुरुवार को पीड़िता के परिजनों ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद दोनों ऑटोरिक्शा चालक भाइयों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जब लड़कियां अपनी दादी के घर नहीं पहुंचीं, तो परिवार ने आठ दिसंबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।