नमस्कार! आज है शुक्रवार, 18 सितंबर इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
आज 18 सिंतबर 2026 को भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी है। आज एफसीआरए संशोधन विधेयक-2026 पर बनी जेपीसी की पहली बैठक होगी। वहीं, एशियन गेम्स में भारत-जापान के बीच मुकाबला होगा।
एनएसए और सीडीएस का उत्तराखंड दौरा
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि 18 और 19 सितंबर को लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल्स का दौरा करेंगे। दोनों हेलिकॉप्टर से लैंसडौन के सेना परेड ग्राउंड पहुंचेंगे।
सेना प्रमुख की रूस यात्रा का आखिरी दिन
सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ रूस की तीन दिन की यात्रा पर हैं। आज उनकी यात्रा का आखिरी दिन है। दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को गहरा करने और भारत एवं रूस के बीच दीर्घकालिक रक्षा संबंधों के लिहाज से ये यात्रा बेहद अहम है। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रक्षा साझेदारी और सैन्य सहयोग को और मजबूत करना है।
एशियन गेम्स में आज भारत-जापान के बीच मुकाबला
एशियन गेम्स 2026 के औपचारिक उद्घाटन से पहले प्रतियोगिताओं की शुरुआत हो चुकी है। महिला टी20 क्रिकेट मैचों का आगाज गुरुवार से ही हो गया। प्रतियोगता का पहला मुकाबला बांग्लादेश और चीन के बीच बारिश के चलते धुल गया। वहीं, दूसरे मैच में थाइलैंड और पाकिस्तान आमने-सामने थे। महिला टी20 मुकाबलों दूसरे दिन आज भारत का सामना जापान से होगा। ये मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े 10 बजे शुरू होगा।