फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज के दिन: राहुल गांधी का तमिलनाडु में चुनाव प्रचार, आईपीएल 2026 में पहली बार मैदान पर नजर आ सकते है धोनी

Sat, 18 Apr 2026 04:53 AM IST
Asmita Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

नमस्कार! आज है शनिवार, 18 अप्रैल । इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं... 
 
विज्ञापन
आज के खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आज 18 अप्रैल 2026 को वैशाख मास की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा है। आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तमिलनाडु में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। आईपीएल में आज दो मुकाबले खेले जाएंगे। 

विज्ञापन

राहुल गांधी का तमिलनाडु में चुनाव प्रचार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज तमिलनाडु में तीन चुनावी रैलियां करेंगे। राहुल कांग्रेस और डीएमके गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। तमिलनाडु में 23 अप्रैल विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। 21 अप्रैल की शाम से चुनाव प्रचार खत्म हो रहा है। इससे पहले सभी दल प्रचार में ताकत झोंक रहे हैं। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर मतदान एक ही चरण में होना है। कांग्रेस, डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन के तहत 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।  2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 25 सीट पर चुनाव लड़ा था। इनमें से 18 पर उसे जीत मिली थी। 

हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना होगा
2026 के हज यात्रियों का पहला जत्था देश भर के विभिन्न प्रस्थान बिंदुओं से सऊदी अरब के लिए रवाना होगा। इस वर्ष कुल 1,75,025 तीर्थयात्रियों के वार्षिक हज यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने हज यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। हज 2026 के लिए प्रमुख पहलों में हज सुविधा ऐप के माध्यम से उन्नत डिजिटल सेवाएं और तीर्थयात्रियों का पता लगाने और उनकी सहायता के लिए हज सुविधा स्मार्ट रिस्टबैंड की शुरुआत शामिल है। पहली बार, लगभग 20 दिनों की अल्प अवधि का हज विकल्प पेश किया गया है।

राष्ट्रपति भवन में गार्ड की अदला-बदली नहीं
राष्ट्रपति भवन में आज गार्ड की अदला-बदली का समारोह नहीं होगा। यह समारोह एक सैन्य परंपरा है, जो हर हफ्ते आयोजित की जाती है, ताकि राष्ट्रपति के अंगरक्षकों का एक नया समूह कार्यभार संभाल सके। एक बयान में कहा गया, 'कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति की आगामी राजकीय यात्रा के संबंध में आयोजित होने वाले औपचारिक स्वागत समारोह के पूर्वाभ्यास के कारण 18 अप्रैल को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में रक्षकों की अदला-बदली का कार्यक्रम नहीं होगा।' 

निजी स्कूलों की याचिकाओं पर सुनवाई
दिल्ली हाई कोर्ट शनिवार को निजी स्कूलों की याचिकाओं पर सुनवाई करेगा।  इसमें दिल्ली सरकार के फीस रेगुलेशन कानून 2025 को चुनौती दी गई है। दिल्ली सरकार ने स्कूलों पर फीस न देने पर छात्रों को निकालने और न्यायिक आदेशों का उल्लंघन कर फीस बढ़ाने का आरोप लगाया है। 

सोनिया गांधी से जुड़े मामले पर सुनवाई 
सोनिया गांधी से जुड़े मामले में आज राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई होगी। दरअसल, याचिकाकर्ता अधिवक्ता विकास त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिकता से पहले मतदाता सूची में गलत तरीके से शामिल किया गया था। कोर्ट में याचिकाकर्ता की दलीलें पूरी हो चुकी हैं। 

आईएफएससीए का कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) और भारतीय कॉर्पोरेट कार्य संस्थान (आईआईसीए) के सहयोग से आईआईसीए ने मानेसर स्थित अपने परिसर में आईएफएससीए के सहायक प्रबंधकों के लिए एक सप्ताह का प्रवेश प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया। आज उसका आखिरी दिन है। यह कार्यक्रम 13 अप्रैल से शुरू हुआ था। इस कार्यक्रम का समापन 18 अप्रैल 2026 को एक सत्र और प्रमाण पत्र वितरण समारोह के साथ होगा। 

विज्ञापन

आईपीएल में आज दो मुकाबले
आईपीएल में शनिवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरू और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होना है। यह मैच दोपहर 3:30 से बेंगलूरू में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच में खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम 7:30 से हैदराबाद में शुरू होगा। इस मुकाबले में चेन्नई के लिए महेंद्र सिंह धोनी खेलते नजर आ सकते हैं। धोनी टीम के साथ हैदराबाद पहुंचे हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें