आज 15 जनवरी 2026 को माघ माह के कृष्ण पक्ष की द्वादशी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीएसपीओसी के 28वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। वहीं, गुरुवार को अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप की शुरुआत भी होगी।
उपराष्ट्रपति का तमिलनाडु दौरा
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दो दिन के तमिलनाडु के दौरे पर हैं। इस दौरान वे गुरुवार को तिरुप्पुर में लोगों के साथ थाई पोंगल मनाएंगे।
महाराष्ट्र महानगर पालिका चुनाव
गुरुवार को महाराष्ट्र के छह संभागों की 29 महानगर पालिकाओं में चुनाव हो रहा है। सबसे ज्यादा चर्चा बीएमसी यानी बृहन्मुंबई महानगर पालिका की हो रही है। मुंबई जिले की बीएमसी के अलावा उसके पास के जिले ठाणे में छह महानगर पालिकाएं हैं तो कोंकण संभाग में कुल नौ महानगर पालिकाएं हैं। बीएमसी के सभी 227 वार्डों में 1.03 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डालने के योग्य हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
पैन कार्ड मामले पर सुनवाई
गुरुवार को दो पैन कार्ड मामले पर सुनवाई होगी। सपा नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की अपील पर सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी थी। दोनों को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने सात साल की कैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप का आगाज
गुरुवार से आईसीसी अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 के 16वें संस्करण का आगाज हो रहा है। इस बार यह दो अफ्रीकी देशों, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने जा रहा है। इसका फाइनल छह फरवरी को खेला जाएगा। यह मंच दुनिया को ऐसे कई खिलाड़ी देता रहा है, जो बाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े सितारे बनते हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 2024 में हुए पिछले संस्करण में भारत को हराकर खिताब जीता था। वहीं, भारत सबसे ज्यादा बार पांच यह खिताब जीत चुका है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
महिला प्रीमियर लीग
डब्ल्यूपीएल में गुरुवार को यूपी वॉरियर्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा। यूपी वॉरियर्स की कप्तान मेग लैनिंग हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं। मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा।