प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शनिवार को 15 दिवसीय रक्तदान अभियान शुरू होगा। रक्तदान अमृत महोत्सव एक अक्टूबर तक चलेगा जिसे राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के रूप में मनाया जाया करेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने नागरिकों से रक्तदान के लिए आरोग्य सेतु ऐप या ई-रक्तकोश पोर्टल पर पंजीकरण करने का आग्रह किया है ताकि लोग अधिक संख्या में रक्तदान करें।
एक लाख यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य
एक आधिकारिक सूत्र के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान से जागरूकता बढ़ाने के अलावा एक दिन में करीब एक लाख यूनिट रक्त एकत्र करना है। एक यूनिट 350 मिलीलीटर रक्त के बराबर होता है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में बने शिविर में रक्तदान करेंगी।
यहां जाकर पंजीकरण करें
मंडाविया ने ट्वीट कर कहा कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में रक्तदान अमृत महोत्सव की शुरुआत होने जा रही है। आइए रक्तदान करें और मानवता के सेवा कार्य से जुड़े। पंजीकरण के लिए आप आरोग्य सेतु ऐप या https://eraktkosh.in का उपयोग कर सकते हैं।
रक्तदान अमृत महोत्सव में शामिल हों
एक अन्य ट्वीट में, स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया ने लोगों से रक्तदान करने का संकल्प लेने का आग्रह करते हुए कहा कि उनके योगदान से अनगिनत कीमती जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि खुद को जानने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप महात्मा गांधी की सेवा में खुद को खो दें। इसी भावना के साथ 17 सितंबर से शुरू होने वाले रक्तदान अमृत महोत्सव में शामिल हों। प्रत्येक रक्तदाता एक जीवन रक्षक है।
आधिकारिक सूत्र के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक रक्त दाताओं का एक भंडार बनाना है ताकि किसी भी जरूरतमंद को समय पर मदद मिल सके और रक्तदान की आवश्यकता को कम से कम किया जा सके। प्रत्येक ब्लड बैंक को मेगा ड्राइव के हिस्से के रूप में कम से कम एक रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
स्वैच्छिक रक्तदान के लिए पंजीकरण शुरू
आधिकारिक सूत्र ने कहा कि 'रक्तदान अमृत महोत्सव' के तहत आरोग्य सेतु पोर्टल पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं, जिसमें लोगों से रक्तदान करने और मानवता के लिए प्रधानमंत्री के मिशन का हिस्सा बनने का आह्वान किया गया है। जो लोग रक्तदान करना चाहते हैं वे ई-रक्तकोश पोर्टल पर भी पंजीकरण करा सकते हैं। देश में पर्याप्त भंडारण और प्रसंस्करण क्षमता वाले 3,900 से अधिक ब्लड बैंक हैं।