आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के वेंकटचलम गांव में एक 14 साल की नाबालिग पर व्यक्ति ने तेजाब से हमला किया और फिर उसका गला काट दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। नेल्लोर जिले के एसपी विजय राव ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना को कथित तौर पर किशोरी के दूर के रिश्तेदार ने सोमवार रात अंजाम दिया, जब वह घर पर अकेली थी। पीड़िता को नेल्लोर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मंगलवार को चेन्नई भेज दिया गया। आंध्र प्रदेश सरकार ने पीड़िता को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। गुंटूर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक त्रिविक्रम वर्मा ने कहा, "हम एक सप्ताह के भीतर मामले में आरोप पत्र दाखिल करेंगे और इसकी त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करेंगे।"
नेल्लोर (ग्रामीण) के पुलिस उपाधीक्षक हरनाथ रेड्डी ने कहा कि हमलावर की पहचान नागराजू के रूप में की गई है। पुलिस अधिकारी ने आज यहां संवाददाताओं से कहा, “हमारी प्रारंभिक जांच से पता चला है कि किशोरी का यौन शोषण नहीं किया गया था। उसकी हालत अब स्थिर है।” उन्होंने बताया कि किशोरी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी उसके घर पहुंचे और उसे खून से लथपथ पाया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद किशोरी को अस्पताल ले जाया गया।
आईआईटी-हैदराबाद के छात्र ने लॉज से कूदकर दी जान
आईआईटी-हैदराबाद के 23 वर्षीय एक छात्र ने बुधवार को संस्थान के पास एक लॉज से कूदकर जान दे दी। वह इसी लॉज में रह रहा था। उसने हाल ही में संस्थान से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। पुलिस के मुताबिक, रात को वह छत पर गया जहां वह अस्थायी रूप से रह रहा था। बुधवार सुबह यहां से कूदकर आत्महत्या कर ली। वह राजस्थान का रहने वाला था। फिलहाल यह नहीं पता चल पाया है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। लॉज स्टाफ द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर धारा 174 सीआरपीसी (संदिग्ध मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।