देश में कोरोना वायरस के कुल मामले 49 लाख के पार चले गए हैं। सोमवार को 79,358 नए मरीजों के साथ कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 49,15,546 हो गई है। ऐसा माना जा रहा है कि मंगलवार के दिन ये संख्या 50 लाख के आंकड़े को पार कर लेगी। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें से 13 लाख मामले पिछले 12 दिन में बढ़े हैं।
पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना वायरस की वजह से 1,063 मरीजों ने अपना दम तोड़ दिया है और अब मृतकों की संख्या बढ़कर 80,000 के पार चली गई है। भारत में मौजूदा समय में कोविड-19 की मृत्यु दर 1.64 फीसदी है। पिछले 24 घंटों में 82,000 से ज्यादा एक दिन में ठीक हुए हैं। ये संख्या संक्रमित होने वाले मरीजों से करीब तीन हजार ज्यादा है।
वहीं एक दिन में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में ये अब तक सबसे बड़ा उछाल है। देश में मौजूदा समय में रिकवरी दर 78.23 फीसदी पर पहुंच गई है। हालांकि दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार ने ऑक्सीजन सिलेंडरों की सप्लाई करने वाले वाहनों को छूट दी है।
इन वाहनों को एंबुलेंस की तरह तत्परता से ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाने के लिए छूट दी गई है। इसके अलावा हरियाणा सरकार ने भी अमावस्या पर कुरुक्षेत्र और पिहोवा में श्रद्धालुओं के जुटने पर रोक लगाने का फैसला लिया है। अब दिल्ली में पांच महीने बाद जिम और योग केंद्र को खोलने की अनुमित मिल गई है। उधर कोलकाता में भी पांच महीने बाद मेट्रो रेल का संचालन शुरू हो गया है।