ओडिशा के क्योंझर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के एक सरकारी अस्पताल के बाल चिकित्सा वार्ड में कथित लापरवाही के कारण 18 दिनों के भीतर 13 बच्चों की मौत हो गई। इस पर अब हंगामा मच गया है। इस मामले पर अब ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री एन के दास ने रविवार को रिपोर्ट मांगी है।
लोगों ने डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
क्योंझर जिला मुख्यालय अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों ने डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन किया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण बच्चों की मौत हुई। मंत्री ने मीडिया से कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हमें बच्चों की मौत के कारणों का पता लगाना चाहिए। मैंने क्योंझर जिले के अधिकारियों से घटना के कारणों का पता लगाने को कहा है।
परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया
मृतक बच्चों के परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर शनिवार रात अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) नहीं गए। बच्चों की की तबियत खराब थी लापरवाही के कारण बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारी लोगों को शांत करने में जुट गए।
समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने से बच्चों की हुई मौत
मिथुन नायक ने आरोप लगाया कि मेरे छोटे भाई के बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर और नर्सों की लापरवाही के कारण उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि बच्चे को आईसीयू में भर्ती कराया गया था और समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। आपात स्थिति में डॉक्टर और नर्स को हमेशा उपलब्ध रहा चाहिए लेकिन, वे शनिवार रात मौजूद नहीं थे।