माणिक साहा के मुख्यमंत्री बनने के बाद त्रिपुरा के 11 विधायकों ने सोमवार को मंत्री पद की शपथ ली। राजभवन में हुए इस कार्यक्रम में राज्यपाल एसएन आर्य ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री माणिक साहा, पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब भी मौजूद रहे। दरअसल, बिप्लब देव के इस्तीफे के बाद भाजपा ने माणिक साहा को राज्य का नया सीएम बनाया है। उन्होंने रविवार को शपथ ग्रहण की थी।
इससे पहले सीएम साहा ने रविवार रात राज्यपाल को लिखे पत्र में कहा कि जिष्णु देव वर्मा, एनसी देब बर्मा (आईपीएफटी), रतनलाल नाथ, प्रणजीत सिंह रॉय, मनोज कांति देब, संताना चकमा, राम प्रसाद पॉल, भगवान दास, सुशांत चौधरी, रामपाड़ा जमातिया और प्रेम कुमार रियांग (आईपीएफटी) राज्य के कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। इसमें रामपाड़ा जमातिया और प्रेम कुमार रियांग नए नाम हैं।