असम में बिजली का हाईवोल्टेल तार गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हो गए। पुलिस ने थाने का घेराव कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की थी, हालांकि उस फायरिंग में चली एक गोली से तार टूट गया और भीड़ पर गिर पड़ा।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को ऊपरी असम के तिनसुकिया जिले के पनगिरी में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी इकट्ठा थे। उन्होंने छुरे और लाठियां ले रखी थी और पनगिरी पुलिस थाने पर पथराव भी किया। उन्होंने थाने का घेराव करने का प्रयास भी किया। पुलिस का कहना है कि वे प्रदर्शनकारी हत्या के एक मामले में तीन दिन पहले पकड़े गए आरोपियों को खुद को सौंपने की मांग कर रहे थे। उन्होंने पत्थर फेंका और थाने की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए।
पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवा में गोलियां चलाई, लेकिन एक गोली पास से ही गुजर रहे हाईवोल्टेज तार से टकरा गई, और वह टूटकर भीड़ पर गिर पड़ा। भीड़ में शामिल 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक की मौत तिनसुकिया सिविल अस्पताल में हुई, जबकि एक अन्य की मौत डिब्रुगढ़ जिले के असम मेडिकल कॉलेज ले जाते हुए रास्ते में मौत हो गई।
तीन दिन पहले पनगिरी एरिया में एक आदमी, उसके बेटे और बहू का अपहरण कर लिय गया था। बेटा अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूट गया, जबकि बाकी दो को उन्होंने मार डाला। पुलिस ने अपहरण के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। भीड़ उन आरोपियों को खुद को सौंपने की मांग कर रही थी।