नौ वीर जवान हुए शहीद
देश के 9 वीर जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जैश-ए-मोहम्मद के पांच आतंकवादियों को संसद भवन में घुसने से रोका था। सुरक्षा कर्मियों ने सभी आतंकियों को ढेर कर दिया था। उस हमले में नौ जवानों ने शहादत दी थी, जबकि 16 जवान घायल हुए थे। शहादत देने वालों में जगदीश प्रसाद यादव, मातबर सिंह नेगी, नानक चंद, रामपाल, सीआरपीएफ की महिला कांस्टेबल कमलेश, ओमप्रकाश, बिजेन्द्र सिंह, घनश्याम कुमारी और सीपीडब्ल्यूडी के एक कर्मचारी देशराज शामिल थे। हमले के मास्टरमाइंड अफजल गुरु को 9 फरवरी 2013 को सजा-ए-मौत दे दी गई थी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने दी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को संसद पर हुए आतंकवादी हमले में आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए वीरगति को प्राप्त होने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी है। एक्स पर एक पोस्ट में शाह ने कहा, 'आज का दिन आतंकवाद के खिलाफ हमारे सुरक्षा बलों के उस अदम्य शौर्य व साहस को फिर से स्मरण करने का दिन है, जब वर्ष 2001 में विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के मंदिर, हमारे संसद भवन पर हुए कायराना आतंकी हमले को उन्होंने अपने जज्बे से नाकाम किया। आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए वीरगति को प्राप्त होने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को नमन करता हूं। यह राष्ट्र वीर सेनानियों के त्याग व बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।'