संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण का दूसरा दिन
संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण का मंगलवार को दूसरा दिन है। इस दिन संसद में पश्चिम एशिया तनाव और लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हंगामा हो सकता है।
पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच एअर इंडिया की 78 अतिरिक्त उड़ानें शुरू होंगी
पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कई उड़ानें बंद हो गई थीं, लेकिन उड़ानों की बढ़ती मांग को देखते हुए एअर इंडिया ने मंगलवार से 18 मार्च के बीच नौ मार्गों पर 78 अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने का निर्णय लिया है। एयरलाइन ने कहा है कि ये अतिरिक्त उड़ानें दिल्ली से न्यूयॉर्क, लंदन, फ्रैंकफर्ट, पेरिस, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, कोलंबो, माले और मुंबई से लंदन के लिए संचालित होंगी।
एसआईआर मामले में सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों के मामले में सुनवाई करेगा।
सोनम वांगचुक की याचिका पर अंतिम सुनवाई
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे आंगमो की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने अंतिम सुनवाई मंगलवार को तय कर दी है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत वांगचुक की हिरासत को चुनौती दी गई है। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने साफ कहा कि अब किसी भी पक्ष को अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से जुड़े मामले पर सुनावई
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की मनी लॉन्ड्रिंग जांच के खिलाफ दायर याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय में मंगलवार को सुनवाई होगी। उन्होंने दावा किया है कि ईडी द्वारा 2020 में दर्ज ईसीआईआर में जारी समन और जांच 2018 के मामले से जुड़ी है, जिसकी पहले जांच हो चुकी है। ईडी की ओर से कहा गया है कि वर्तमान जांच अलग है। इसमें सीबीआई द्वारा दर्ज एक अलग एफआईआर के आधार पर नए तथ्य शामिल हैं।
बिजली (संशोधन) बिल 2025 को लेकर हो सकता विरोध
बिजली (संशोधन) बिल 2025 के बजट सत्र के दूसरे चरण में पेश किया जा सकता है। इस बिल को लेकर मंगलवार को विरोध शुरू हो सकता है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि इस बिल से बिजली वितरण के क्षेत्र में निजी कंपनियों के आने का रास्ता खुल सकता है। वहीं, सरकार का तर्क है कि इस विधेयक का उद्देश्य बिजली क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत करना है। (संबंधित खबर
यहां पढ़ें)
दूसरा परमाणु ऊर्जा शिखर सम्मेलन
फ्रांस की राजधानी पेरिस में मंगलवार से दूसरा परमाणु ऊर्जा शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के सहयोग से आयोजित इस शिखर सम्मेलन में राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और वित्तीय संस्थानों के नेता, साथ ही उद्योग विशेषज्ञ एक साथ आएंगे। यह शिखर सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब परमाणु ऊर्जा के समर्थन में वैश्विक स्तर पर गति लगातार बढ़ रही है।