आज 1 मार्च 2026 को शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी है। रविवार को भाजपा पश्चिम बंगाल में परिवर्तन यात्रा शुरू करेगी। वहीं, टी20 विश्वकप में भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला होगा। जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएगी।
उपराष्ट्रपति का केरल दौरा
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन केरल के दौरे पर हैं। वे रविवार को त्रिशूर के देवमाता सीएमआई पब्लिक स्कूल में 'चेतना गानाश्रम ' की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, वह तिरुवनंतपुरम में सेंट स्टीफंस हाई स्कूल के शताब्दी समारोह में भी शिरकत करेंगे।
पश्चिम बंगाल में भाजपा का परिवर्तन यात्रा
भाजपा रविवार से पश्चिम बंगाल में अपनी परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करने वाली है। पार्टी नेतृत्व के अनुसार यह यात्रा राज्य के विभिन्न जिलों से चरणबद्ध तरीके से निकाली जाएगी। इसका लक्ष्य पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और आगामी चुनावी रणनीति के लिए माहौल बनाना है। यात्रा के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
कनाडा के पीएम मार्क कार्नी नई दिल्ली पहुंचेंगे
कनाडा के पीएम मार्क कार्नी भारत के दौरे पर हैं। इस दौरान वे रविवार को नई दिल्ली पहुंचेंगे। वे अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकत करेंगे।
टी20 विश्वकप मैच
टी20 विश्वकप में रविवार को दो मैच हैं। पहला मैच जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के बीच शाम 3 बजे से दिल्ली में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से कोलकाता में खेला जाएगा। इस मैच का विजेता सेमीफाइनल में जगह बनाएगा। वहीं, हारने वाली टीम की सफर यहीं समाप्त हो जाएगा। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)