पाकिस्तान का सफर टी20 विश्व कप 2026 में समाप्त हो गया। ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 मैच के बाद कप्तान सलमान आगा ने टूर्नामेंट से बाहर होने के कारण बताए। आइये जानते हैं...
पाकिस्तान ने शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ भले ही पांच रन से जीत दर्ज की, लेकिन यह टीम सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी। खिताबी दौड़ से बाहर होने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस और ओस को बड़ा फैक्टर बताया है।
'टॉस और ओस ने बिगाड़ा खेल'
खिताबी रेस से बाहर होने के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, 'टॉस हारने के बाद मैच हमेशा चुनौतीपूर्ण हो गया था, क्योंकि ओस एक बड़ा फैक्टर थी। अगर हम टॉस जीतते तो कहानी कुछ और हो सकती थी। ओस ने काफी असर डाला। हम अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं कर पाए। उस्मान का आज अच्छा दिन नहीं था, ऐसा हो सकता है। पूरे टूर्नामेंट में हम अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सके। अगर फरहान को थोड़ा और सहयोग मिला होता तो हालात बेहतर हो सकते थे।'
मध्य क्रम पर फोड़ा ठींकरा
इस निर्णायक मुकाबले में पाकिस्तानी टीम को 15.5 ओवरों में पहला झटका लगा, जिसके बाद आठ विकेट खोकर सिर्फ 212 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (100) और फखर जमां (84) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। शेष बल्लेबाज फ्लॉप रहे। पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, 'मिडिल ऑर्डर पिछले कुछ वर्षों से हमारे लिए समस्या बना हुआ है, हमें इस पर जरूर काम करना होगा। हम मैच को उस तरह खत्म नहीं कर पाए, जैसा हम चाहते थे।'
श्रीलंका के कप्तान ने क्या कहा?
दूसरी ओर, मैच गंवाने के बाद श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका ने कहा,'यह एक करीबी मुकाबला था, हम इसे जीत के साथ खत्म कर सकते थे। शाहीन अफरीदी ने शानदार गेंदबाजी की। कप्तान के तौर पर यह दौर काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। हां, हम निराश हैं और मैं अपने प्रशंसकों से माफी मांगना चाहता हूं। दुर्भाग्य से, हमें चोटों का सामना करना पड़ा। भविष्य में उम्मीद है कि ऐसी चोटें न हों। हमारे दो प्रमुख गेंदबाज वानिंदु हसरंगा और मथीशा पथिराना उपलब्ध नहीं थे। उम्मीद है कि वे जल्द लौटेंगे और श्रीलंकाई क्रिकेट के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे।'
उन्होंने कहा, 'कभी-कभी खिलाड़ियों के रूप में हम दबाव महसूस करते हैं। यह एक गलती थी और मैं प्रशंसकों को निराश करने के लिए माफी चाहता हूं। हम सभी को मिले समर्थन के लिए बेहद आभारी हैं। रत्नायके काफी निरंतर रहे हैं और क्रीज का अच्छा उपयोग करते हैं। हमारे पास दुनिथ वेल्लालागे जैसे युवा खिलाड़ी भी हैं, जो लगातार आगे बढ़ रहे हैं।'
जीतकर भी हारा पाकिस्तान
पाकिस्तान का टी20 विश्व कप 2026 में सफर खत्म हो गया है। श्रीलंका के खिलाफ पांच रन से मुकाबला जीतने के बावजूद पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका। शनिवार को पल्लेकेले में खेले गए सुपर-8 के इस अहम मैच में पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को 147 रन या उससे कम पर रोकना था, लेकिन गेंदबाज ऐसा करने में नाकाम रहे।
पाकिस्तान से मिले 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 207 रन बनाए। हालांकि टीम मैच जीत नहीं सकी, लेकिन उसकी बल्लेबाजी पाकिस्तान के लिए घातक साबित हुई। इस परिणाम के साथ सुपर-8 के ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया, जबकि पाकिस्तान और श्रीलंका का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।