केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव लव अग्रवाल ने शनिवार को बताया कि देश में 586 कोविड अस्पताल तैयार हो चुके हैं जिनमें 1.10 लाख आइसोलेशन बिस्तरों की व्यवस्था है। अग्रवाल के मुताबिक इनमें 11,500 आईसीयू बिस्तर भी शामिल हैं। कोविड अस्पतालों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। यहां संदिग्ध और संक्रमित मरीजों को उपचार दिया जा रहा है।
पौने दो लाख नमूनों की जांच:
भारत ने जांच की रफ्तार भी तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को जहां 16,002 टेस्ट किए गए थे, वहीं शुक्रवार को 16,764 टेस्ट किए गए। आईसीएमआर के मुताबिक देश में अब तक 1,71,718 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। कोरोना की जांच के काम में 146 सरकारी और 67 निजी प्रयोगशालाएं कार्यरत हैं।
गृह मंत्रालय के फिर निर्देश... डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा दें राज्य
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अस्पतालों या क्वारंटीन केंद्रों पर काम कर रहे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने के फिर निर्देश दिए हैं। मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्यसलिला श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना से जंग में अग्रणी भूमिका निभा रहे डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों से दुर्व्यवहार की शिकायतें मिलने पर यह निर्देश दिए गए हैं।