आज 6 सिंतबर 2026 को भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की दशमी है। आज से उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन पूर्वोत्तर के चार राज्यों के दौरे पर रहेंगे। इसके साथ ही महिला जूनियर हॉकी एशिया कप में भारत और मलयेशिया के बीच मैच है।
उपराष्ट्रपति का आज से चार राज्यों का दौरा शुरू
शुरुआत उपराष्ट्रपति से। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन रविवार से शुरू होने वाले चार दिवसीय दौरे पर असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश जाएंगे। इस दौरान उपराष्ट्रपति कई शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे ऐतिहासिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों का दौरा करेंगे। रविवार को असम के गुवाहाटी स्थित गीता नगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। गीता नगर कॉलेज को पहले कन्या महाविद्यालय के नाम से जाना जाता था। इसके बाद वे गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (एसएसयूएचएस) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय का कार्यक्रम
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय रविवार को सूरत में ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ का 89वां संस्करण आयोजित करेगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ और नशा-मुक्त जीवन के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनमें फिटनेस, खेल और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम का विषय है- ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत’।