छोटी काशी मंडी में अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव का आगाज 27 फरवरी को होने जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस महोत्सव का आगाज करेंगे और शोभायात्रा में भी शामिल होंगे। वहीं, मुख्यमंत्री सुक्खू के मंडी दौरे से पहले उनके जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू के मंडी पहुंचने से पहले उनका एक पोस्टर जमकर वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय भी बन गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पोस्टर एपीएमसी के सदस्य और नगर निगम के लिए कांग्रेस के मनोनीत पार्षद दर्शन सिंह ठाकुर की तस्वीर लगा पोस्टर है और यह पोस्टर मंडी शहर के सेरी मंच और डीसी कार्यालय के पास लगाया गया है। इस पोस्टर में नीचे पार्षद दर्शन सिंह की तस्वीर है, जबकि ऊपर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की तस्वीर लगी है, लेकिन सीएम सुक्खू की तस्वीर के नीचे जो लिखा है वह चर्चा का विषय बना हुआ है। पोस्टर में लिखा है, "श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, माननीय ''प्रधानमंत्री'' (हि. प्र) का मंडी पधारने पर हार्दिक अभिनंदन और स्वागत है।