हिमाचल के हाथ से औद्योगिक पैकेज छिटकने के बाद राज्य में एक बड़ा निवेश आया है। देशभर में प्रसिद्ध वर्धमान समूह ने 540 करोड़ की लागत से नया उद्योग बद्दी में स्थापित करने के लिए आवेदन किया है।
राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव को सिंगल विंडो में क्लीयरेंस के लिए भेजा है। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इसकी पुष्टि की है।
वर्धमान समूह के इससे पहले हिमाचल के बद्दी और पांवटा आदि में कुछ इकाइयां हैं। लेकिन यह समूह एकदम नई इकाई स्थापित करना चाह रहा है।
540 करोड़ लागत के इस निवेश से करीब 2500 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि औद्योगिक पैकेज जाने के बाद से या तो पुराने उद्योगों का विस्तार हो रहा था या फिर छोटे एवं मध्यम उद्योग ही आ रहे थे। लेकिन बड़े निवेश के साथ वर्धमान का आना राज्य के लिए अच्छा संकेत है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बड़े निवेश लाने के लिए इस प्रस्ताव को जल्दी क्लीयर करवाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य में अटके पडे़ पांच आवंटित सीमेंट उद्योगों पर फैसला अब कैबिनेट में होगा। समय पर काम शुरू न करने के कारण राज्य सरकार ने इन सभी उद्योगों को नोटिस दिए थे। सभी ने समय बढ़ाने की मांग की है।
ये केस अब एक-एक कर कैबिनेट में जाएंगे। करसोग के अलसिंडी में लाफार्ज इंडिया लिमिटेड, चौपाल के गुम्मा रोहाना में इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड, बाघा बलग में जेपी एसोसिएट्स और चुराह/चंबा में भी जेपी को प्रोजेक्ट आवंटित हैं, लेकिन इनमें अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है।