प्रदेश सहित अन्य राज्यों की आठ पुरुष टीमें लेंगी भाग
प्रतियोगिता के लिए हाल ही में किया गया है राज्य टीम का चयन
खेल छात्रावास ऊना के तीन खिलाड़ी भी राज्य टीम हैं शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। कांगड़ा जिले के पंचरुखी में डॉ. वाईएस परमार मेमोरियल वाॅलीबाल प्रतियोगिता 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक होगी। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की आठ पुरुष टीमें हिस्सा लेंगी। राज्य की टीम में खेल छात्रावास ऊना के भी तीन खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता की तैयारियों को यहां राज्य युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से अंतिम रूप दे दिया गया है। बाकायदा प्रदेश सहित ऊना जिले के खेल अधिकारी भी इस बड़े आयोजन में सेवाओं के लिए रवाना हो गए हैं। ऊना जिला से खेल अधिकारी उत्तम डोड और वाॅलीबाल कोच तपे राम भी इस आयोजन में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार दो लाख रुपये तो द्वितीय रहने वाली टीम को एक लाख जबकि तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा विभागीय अधिकारियों की ओर से की गई है। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और समापन पर युवा सेवा एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। प्रतियोगिता में राज्य की टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन हाल ही में किया गया है। जबकि, ऊना खेल छात्रावास वाॅलीबाल के तीन खिलाड़ियों में आदित्य, अनिल और प्रमोद ने भी राज्य स्तरीय टीम में खेलने का अवसर पाया है।
हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार की याद में होने वाली प्रतियोगिता इस बार पंचरुखी कांगड़ा में 29 नवंबर से प्रस्तावित है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खेल छात्रावास ऊना के तीन खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
-उत्तम डोड, जिला खेल अधिकारी, युवा सेवा एवं खेल विभाग ऊना।