ऊना। प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव अभियान चलाने में अब युवाओं निपुण होंगे। राहत एवं बचाव अभियान चलाने के लिए युवाओं को एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) विशेष तौर पर प्रशिक्षण देगा। इसके लिए जिला ऊना में विभिन्न स्थानों पर एनडीआरएफ की ओर से 16 से 30 सितंबर तक युवाओं के लिए सामुदायिक अभ्यास कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
जिला आपदा प्रबंधन एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कहा कि सामुदायिक अभ्यास के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला आपदा प्रबंधन के अधिकारियों की एनडीआरएफ टीम के साथ 16 सितंबर को बैठक होगी। इसमें जिला ऊना में पिछले पांच वर्षों की हुई प्राकृतिक एवं अप्राकृतिक घटनाओं संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। 17 सितंबर को हंडोला से जगतखाना रोड़ का फील्ड दौरा होगा।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक अभ्यास में शिक्षण संस्थानों के छात्रों को विशेष तौर पर शामिल किया जाएगा। इसके तहत 19 सितंबर को आईटीआई ऊना में छात्रों को अभ्यास करवाया जाएगा। 20 सितंबर को ल्यूमिनस पॉवर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड गगरेट और 21 सितंबर को राजकीय डिग्री कॉलेज दौलपुर में अभ्यास वर्ग होगा। 22 सितंबर बजे महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज अंब में छात्रों के लिए प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 23 सितंबर को अंब से मैड़ी रोड पर दुर्घटना संभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे। एनडीआरएफ की टीम 24 सितंबर को चिंतपूर्णी मंदिर, 26 सितंबर को बंगाणा आईटीआई, 27 सितंबर को गोविंद सागर झील में डूबने वाले संभावित दुर्घटना क्षेत्रों का दौरा किया जाएगा। 28 सितंबर को न्यासा मल्टीप्लास्ट और वर्धमान इस्पात उद्योग गांव बाथड़ी का दौरा किया जाएगा। इसके अलावा एनडीआरएफ टीम 29 सितंबर को राजकीय डिग्री कॉलेज खड्ड और 30 सितंबर को स्वां पुल घालूवाल और ऊना हरोली लिंक ब्रिज का दौरा करेगी।