घालूवाल में नशे के दुष्प्रभावों पर किया जागरूक
एसपी अमित यादव ने युवाओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ऊना के सौजन्य से घालूवाल स्थित नशा निवारण केंद्र में वीरवार को अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य निषेध एवं तस्करी रोकथाम दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की।
एसपी अमित यादव ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें पुनः सामान्य जीवन की ओर प्रेरित करना है। नशा न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रभावित करता है, बल्कि सामाजिक रूप से भी उसे कमजोर बनाता है। एसपी ने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके घातक प्रभावों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने उपचाराधीन युवाओं को आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया और कहा कि यदि कोई नशे की गिरफ्त में आ भी गया है तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसे एक चुनौती मानते हुए उससे बाहर निकलना पूरी तरह संभव और प्रेरणादायक हो सकता है। एसपी ने जिले में चल रहे नशा उन्मूलन अभियानों की जानकारी भी साझा की और बताया कि नशे की तस्करी में संलिप्त तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान उपचाराधीन युवाओं ने नशा उन्मूलन पर आधारित कविताएं, विचार और अनुभव भी साझा किए