अंब कॉलेज में उपायुक्त जतिन लाल विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए। संवाद
ऊना। जिला प्रशासन की ‘सामर्थ्य‘ पहल के अंतर्गत मंगलवार को महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंब में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) और हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं के लिए एक विशेष काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में उपायुक्त जतिन लाल ने लगभग 300 छात्राओं को सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए और उनका मार्गदर्शन किया।
उपायुक्त जतिन लाल ने इस सत्र में विषय चयन, सिलेबस की जानकारी और अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने छात्राओं की परीक्षा से जुड़ी शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें सही दिशा में, सही दृष्टिकोण के साथ समर्पित प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि ‘सामर्थ्य‘ कार्यक्रम के तहत ऊना जिला प्रशासन युवाओं एवं महिलाओं के कल्याण और उत्थान के लिए मुख्यतः छह घटकों पर काम कर रहा है। इनमें से एक महत्वपूर्ण घटक प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए युवाओं का मार्गदर्शन करना है, जिसमें यूपीएससी और एचपीपीएससी सिविल सेवा परीक्षाओं समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शामिल है। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य दर्शन कुमार, उप प्रधानाचार्य रेखा शर्मा, कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थीगण भी मौजूद रहे।
गरीब बच्चियों को उच्च शिक्षा के लिए मिलेगी आर्थिक मदद
उपायुक्त जतिन लाल ने सामर्थ्य योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की पात्र लड़कियों को उच्च शिक्षा में सहायता की एक विशेष पहल की जानकारी दी। इस योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन ने गरीब परिवारों की 25 जरूरतमंद लड़कियों की उच्च शिक्षा के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसमें वे लड़कियां पात्र होंगी जिनके पिता गुजर गए हों या जिनके पिता 70 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग हों।