गगरेट (ऊना)। पुलिस थाना गगरेट के तहत डंगोह खास में स्कूटी सवार युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस को दी शिकायत में आदित्य चौधरी निवासी अभयपुर, डाकघर भद्रकाली, तहसील घनारी ने बताया कि 23 नवंबर को शाम करीब चार बजे वह अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर घर जा रहा था। जब वे डंगोह खास के पास पहुंचे तो पीछे से एक गाड़ी में सवार चार युवक आए। आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह नीचे गिर गया। इसके बाद गाड़ी में सवार युवकों ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत में एक आरोपी की पहचान आशीष निवासी चलेट, तहसील घनारी के रूप में बताई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।