ऊना। मैहतपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भटोली में कार्रवाई करते हुए 27.56 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में बसदेहड़ा निवासी 34 वर्षीय मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना मैहतपुर में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा के अनुसार आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 29 सितंबर तक पुलिस रिमांड में लेने के आदेश दिए हैं। आरोपी डेंटर पेंटर का काम करता है। पुलिस के अनुसार स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ऊना की टीम वीरवार रात क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान भटोली चौक में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आईटीआई भवन के पास सड़क किनारे पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति काले रंग के चमड़े के बैग में चिट्टा लेकर ग्राहकों को बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम करीब 9:30 बजे आईटीआई भटोली के पास पहुंची। पुलिस को देखकर वहां खड़ा व्यक्ति हड़बड़ाहट में भागने लगा लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी में आरोपी के काले रंग के बैग से इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और काले रंग के पॉलिथीन में हल्के भूरे रंग का पदार्थ बरामद हुआ। जांच में इसे चिट्टा पाया गया।
पुलिस ने चिट्टे और वजन मशीन को कब्जे में लेकर सील कर दिया। जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से इस नशा तस्करी के संबंध में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खोजने का काम शुरू कर दिया गया है।