अड़ियल रवैया छोड़ किसानों की मांगों को पूरा करे केंद्र : योगराज
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल। कृषि बिलों के विरोध में भारतीय किसान मजदूर यूनियन आनंदपुर साहिब ने शनिवार को एक विशाल ट्रैक्टर मार्च का आयोजन किया। यह ट्रैक्टर मार्च नक्कीयां टोलप्लाजा से शुरू हो कर आनंदपुर साहिब, ढेर, भनुपली होते हुए नंगल पहुंचा। यहां से वाया मोजवाल होते हुए गोह्लणी, कुलग्रां, दयापुर, नानग्रां, भलाण, हर्षाबेला और जंदवड़ी होते हुए वापस नक्कीयां टोलप्लाजा जाकर संपन्न हुआ।
ट्रैक्टर मार्च का नेतृत्व मशहूर अदाकार और क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने किया। अदाकार योगराज सिंह और भारतीय किसान मजदूर यूनियन के संयोजक शमशेर सिंह शेरा ने कहा कि 26 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होने वाले ट्रैक्टर रैली की तैयारियों को ध्यान में रख कर यह ट्रैक्टर रैली की जा रही है और आज हम मात्र अभी ट्रेलर दिखा रहे हैं।
पूरी फिल्म दिल्ली में आयोजित होने वाली ट्रैक्टर परेड के दौरान देखने को मिलेगी। इन नेताओं ने केंद्र सरकार से अपना अड़ियल रवैया त्यागकर किसानों की मांगे पूरी करने की बात कही। योगराज ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोनों पक्षों में बातचीत से मसला हल हो जाएगा। दिल्ली में भाषण के दौरान हिंदूओं को भावनाओं को आहत करने वाले मामले को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी बातों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया था। उन्होंने कहा कि वे फिर से माफी मांगते हैं।