टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में दी विस्तार से जानकारी
टाहलीवाल (ऊना)। 100 दिन टीबी अभियान के तहत ग्राम पंचायत दुलैहड़ में शनिवार को स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसमें लगभग 115 लोगों के एक्स-रे किए गए। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को टीबी (क्षय रोग) के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा टीबी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और समय पर जांच व इलाज के महत्व को रेखांकित किया गया। इस अभियान को सफल बनाने में एमएचएस रामपाल, विक्रांत चौहान, स्टाफ सदस्य संदीप और आशा वर्करों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर ग्राम पंचायत दुलैहड़ के प्रधान नंद किशोर भी मौजूद रहे। बीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र सिंह राणा ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य समाज में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाना और रोग को जड़ से खत्म करना है। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने और टीबी जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।