ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों और बचाव की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। हरोली खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र सिंह राणा के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत गोंदपुर जयचंद में 100 दिन टीबी अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें लगभग 190 लोगों के एक्स-रे किए गए और टीबी (क्षयरोग) के लक्षणों, बचाव और उपचार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। यह अभियान समाज को स्वस्थ बनाने और टीबी जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान अनूप अग्निहोत्री ने सक्रिय भूमिका निभाई और ग्रामीणों को इस अभियान का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य विभाग से रामपाल (एमएचएस), विक्रांत चौहान (एमएचडब्ल्यू), नितिन (एक्स-रे टेक्नीशियन), मनोज कुमार, धर्मपाल, कुलवंत कौर और रितु रानी ने अपनी विशेष सेवाएं प्रदान कीं। आशा वर्करों ने इस अभियान में सक्रियता से भाग लिया और घर-घर जाकर लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को टीबी के प्राथमिक लक्षणों जैसे लगातार खांसी, बुखार, वजन घटना और कमजोरी के बारे में बताया। शिविर में जिन लोगों में टीबी के संभावित लक्षण पाए गए, उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए संदर्भित किया गया। 100 दिन टीबी अभियान के तहत निक्षय वाहन से घर-घर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इसमें स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को इस बीमारी से बचने के उपाय और सरकार की ओर से उपलब्ध मुफ्त इलाज की जानकारी दी।