अंब (ऊना)। अंब बाजार में कुश्ती लड़ने हिमाचल आए हरियाणा के एक पहलवान पर तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में पहलवान हरदीप (32) निवासी गढ़ी सिसाना, तहसील खरखौदा, जिला सोनीपत के सिर पर गहरी चोट आई है। घायल का सिविल अस्पताल अंब में चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हरियाणा के रोहतक निवासी पहलवान रवि (28) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हरदीप ने बताया कि वह अपने दोस्तों आशु और सन्नी के साथ कुश्ती लड़ने के लिए हिमाचल आया हुआ है। तीनों ने मुबारिकपुर में कमरा किराये पर ले रखा है। 11 अक्तूबर की शाम वह अपने दोस्तों के साथ जूस पीने के लिए अंब बाजार आया था। जूस पीने के बाद वह अपनी गाड़ी में दोस्तों के साथ वापस कमरे की ओर जा रहा था। आरोप है कि अंब बाजार में आरोपी रवि अपनी गाड़ी लेकर आया और हरदीप की गाड़ी के आगे वाहन खड़ा कर दिया। इसके बाद वह बिना किसी वजह के उससे बहस और गाली-गलौज करने लगा। हरदीप ने जब उससे झगड़ा करने का कारण पूछा तो आरोप है कि रवि ने अपनी गाड़ी से तेजधार हथियार निकालकर उसके सिर पर वार कर दिया। इससे उसके सिर पर गहरी चोट आई। इसी दौरान पुलिस की टीम भी अंब बाजार पहुंची और दोनों को झगड़ते हुए देखकर अलग करवाया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि घायल हरदीप को सिविल अस्पताल अंब पहुंचाकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया है। चिकित्सकीय रिपोर्ट में चोट तेजधार हथियार से लगने की बात दर्ज की गई। मामले की जांच जारी है।