राज्य स्तरीय हरोली उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री। हरोली बस अड्डा सेनिकाली गई शोभा
पोलियां बीत (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र को औद्योगिक मानचित्र पर वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार निरंतर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। इसी दिशा में अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिली है। वह बल्क ड्रग पार्क परियोजना के अंतर्गत 250 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले साइट विकास एवं आधारभूत संरचना कार्यों का विधिवत शिलान्यास के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रभावी नेतृत्व में हरोली का औद्योगिक, आधारभूत एवं सामाजिक ढांचा निरंतर सुदृढ़ हो रहा है और बल्क ड्रग पार्क जैसी राष्ट्रीय महत्व की परियोजना तीव्र गति से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना से संबंधित लगभग 66 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाओं के कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए गए हैं जबकि अन्य विकास कार्यों पर तेजी से कार्य जारी है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से न केवल औद्योगिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी बल्कि स्थानीय लोगों को भी आधुनिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त 3400 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 5 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन इस पार्क को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क सुविधा सुनिश्चित करने के लिए भी सरकार विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से संतोषगढ़-जैंजों सड़क कार्य योजना पर तेजी से कार्य प्रगति पर है।
परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही राज्य सरकार : हर्षवर्धन
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार राष्ट्रीय महत्व की बल्क ड्रग पार्क परियोजना के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश की औद्योगिक प्रगति में मील का पत्थर सिद्ध होगी तथा प्रदेश को रोजगार, निवेश और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर प्रदान करेगी।