कहा, महिलाओं के साथ अत्याचार के लिए समाज जिम्मेदार
ओपटेक विद्या आईटीआई टकारला में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता कार्यक्रम में किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। महिलाएं मर्यादा में रहकर पुरुषों से आगे बढ़ रही हैं। मन को मजबूत करना है। अगर मन मजबूत है तो हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। यह शब्द अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉक्टर किरण शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि कहे। उन्होंने ओपटेक विद्या आईटीआई टकारला में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षु छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में अत्याधुनिक तकनीकी दौर है। इसमें हर तकनीक का सोच-समझकर कर इस्तेमाल करें। साथ ही जीवन में जो बनना है उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन चिंतन करें। समाज में जो अत्याचार की घटनाएं हो रही हैं उनका डटकर सामना करें। अपराध को सहना भी बहुत बड़ा अपराध है। इसे शुरुआती दौर में ही रोक दिया जाए तो यह आगे नहीं बढ़ता। महिलाओं को सशक्त होना पड़ेगा। अपने साथ हो रही घटनाओं को सहने के बजाय उनके खिलाफ आवाज उठानी होगी। तभी महिलाएं असल मायने में सशक्त बना पाएंगी। अगर मन सशक्त है तो हर चीज का मुकाबला किया जा सकता है। सबसे ज्यादा जरूरी है मन को शक्तिशाली बनाना। अगर समाज में मान-सम्मान और सुरक्षा चाहते हैं तो पहले अपनी ओर से इसे देने की शुरुआत करें। तब स्वयं ही दूसरी ओर से भी वैसे ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि जो आप देखते सुनते और संगत करते हो वैसे ही आपका व्यवहार बन जाता है। इसलिए ऐसे लोगों की संगत करें जिससे आपके जीवन का स्तर बढ़ सके। महिलाओं के साथ जो भी अत्याचार और उत्पीड़न की घटना हो रही हैं उसके लिए समाज ही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि स्व परिवर्तन से ही विश्व परिवर्तन होता है। योग्य बनो तो योग्यता अपने आप पहचानते हुए आ जाएगी। उन्होंने कहा कि जो नशे की चपेट में आए हैं ऐसे लोग मानसिक तौर पर कमजोर हैं। उन्हें सबसे पहले मानसिक तौर पर मजबूत करना होगा। तभी समाज से नशे का कर काम होगा।
बाक्स
अमर उजाला फाउंडेशन का अपराजिता कार्यक्रम सराहनीय पहल है। इस तरह के कार्यक्रमों से जहां एक तरफ मनोबल बढ़ता है वहीं समाज में लोगों की सोच में बदलाव आता है। -सुशील शर्मा
बाक्स
सड़क हादसों में इजाफा हो रहा है। ऐसे में हम सुरक्षित वाहन ड्राइव करने की सूरत में हादसों का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में क्या करें। सि पर अधिकारी ने जवाब दिया कि खुद ठीक रहना है। अगर फिर लगता है कि आप असुरक्षित महसूस कर रही हैं तो पुलिस की मदद लें। -प्रशिक्षु छात्रा सोनिया शर्मा
बाक्स
प्रशिक्षु विभिन्न कोर्स कर रहे हैं। ऐसे में कहां पर जॉब के अवसर है। जवाब मिला कि योग्य बनो। अपने आप योग्यता उजागर होगी। जो सीखा है, उसे निखारना है। -पम्मी कुमारी
बाक्स
युवा पढ़ रहे हैं। भविष्य में नौकरी की चिंता सता रही है। ऐसे में नौकरी देने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं। जवाब मिला कि अपने आप को समय के अनुसार तैयार रखो। अवसर आ रहे हैं और अपनी योग्यता को वर्तमान के हिसाब से निखारो। -मुक्ति
बाक्स
युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर करने के लिए क्या कर सकते हैं। जवाब मिला कि मानसिक तौर से कमजोर लोग नशे की चपेट में आ रहे हैं। उनको मानसिक तौर पर मजबूत करना होगा। -कंचन बाला