मैहतपुर पुलिस चौकी के तहत करीब ढाई माह पहले एक महिला के लाखों के गहने चोरी होने के मामले में पुलिस भी उलझन में है। पुलिस जहां अभी तक इस मामले में आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है, वहीं दूसरी ओर पीड़िता ने पुलिस की ही कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महिला ने इस मामले मेें डीसी और पुलिस अधीक्षक ऊना से न्याय की गुहार लगाई है। जबकि, पुलिस की दलील है कि मामले की जांच सही दिशा में चल रही है, जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक मूलत: मंडी जिले की रहने वाली महिला रजनी ठाकुर ने डीसी और पुलिस अधीक्षक को सौंपी शिकायत में आरोप लगाया है कि जिस औरत ने उसके गहने चुराए हैं, उस पर बाकायदा उसने शक जाहिर किया और उक्त महिला ने मैहतपुर पुलिस चौकी में अपना गुनाह भी कबूला।
लेकिन, पुलिस इसके बावजूद कार्रवाई नहीं कर रही। वहीं, महिला ने यह भी आरोप जड़ा है कि उसके गहने महिला ने चुराए जबकि एफआईआर में एक तथाकथित पंडित का नाम डाल दिया गया कि उक्त गहने पंडित उससे ठग कर ले गया। इसके अतिरिक्त पीड़िता ने पुलिस स्टाफ पर उसके साथ अभद्रता से पेश आने का आरोप लगाया है। जबकि, दूसरी ओर डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस की जांच इस मामले में सही दिशा में आगे बढ़ रही है। पीड़िता ने जिस महिला पर गहने चुराने का आरोप लगाया है, उससे पूछताछ के अलावा कई और गवाहों से भी पूछताछ की गई है। महिला के आरोप निराधार हैं। आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होंगे।