नंगल (ऊना)। अजौली गांव में घरों में ढींगरी मशरूम उगाने के लिए शुक्रवार को प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इस दौरान महिलाओं को बताया गया कि ढींगरी मशरूम का उत्पादन घर पर भी किया जा सकता है। इसके लिए आवश्यक सामग्री जैसे भूसा आदि घर पर ही उपलब्ध होता है। इस कैंप में महिला किसानों को बागवानी विभाग की ओर से उचित दरों पर ढींगरी मशरूम के बीज उपलब्ध करवाए गए। बागवानी उप निरीक्षक सुमेश कुमार की ओर से इसकी खेती को लेकर विस्तार से बताया गया। बागवानी विकास अधिकारी भारत भूषण ने बताया कि पंजाब सरकार ने बागवानी फसलों के अंतर्गत क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ बागवानी से संबंधित गतिविधियों जैसे मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, पॉलीहाउस में महंगी सब्जियों की खेती, वर्मी कंपोस्ट इकाइयां, कोल्ड स्टोर, पकने वाले कक्ष, बगीचों के लिए छोटे ट्रैक्टर, स्प्रे पंप आदि को अपनाने के लिए कदम उठाए हैं। इस मौके पर ग्रामीणों के अलावा अन्य सदस्य मौजूद रहे।