चंडीगढ़-ऊना हाईवे पर बहडाला गांव के समीप एचआरटीसी बस से गिरने पर महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पीड़िता का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बहडाला निवासी सुशीला (45) परवाणु से ऊना आ रही एचआरटीसी बस में सवार होकर आ रही थी। बस के बहडाला पहुंचने पर सुशीला जब बस से उतरने लगी तो बस रुकने से पहले ही महिला अचानक दरवाजे से नीचे जा गिरी।
हादसे में सुशीला के सिर और मुंह पर गहरी चोटें पहुंचीं, जिससे वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गई। बस से नीचे गिरते ही स्थानीय लोग भी एकत्रित हो गए। पीड़िता को स्थानीय लोगों और बस की मदद से ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में सुशीला का उपचार जारी है। उधर, सीएमओ ऊना प्रकाश दड़ोच ने बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया है। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।