मैहतपुर के बनगढ़ पुखरू गांव की घटना
विवाहिता के भाई ने पुलिस से की शिकायत
शादी के बाद लगातार तंग करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना मैहतपुर के तहत बनगढ़ पुखरू में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मृतका के पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने मामले में संलिप्त महिला के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है और आगामी पूछताछ तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार विवाहिता के भाई मोहम्मद आर्यन निवासी जिला रूपनगर पंजाब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन रुकसाना की शादी आमिर खान निवासी बनगढ़ पुखरू तहसील व जिला ऊना के साथ वर्ष 2024 को अप्रैल में हुई। मोहम्मद आर्यन ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही बहन के ससुराल वाले तरह-तरह की बातों के लिए तंग करते रहते थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बहन ने उन्हें ससुराल वालों की ओर से तंग करने की बात बताई लेकिन उन्होंने परिवार बसाने की बात कही। इसी बीच बीते सोमवार को उन्हें बहन से ससुर कमरदीन का फोन आया और उसने हड़बड़ाते हुए ऊना अस्पताल पहुंचने को कहा। जब वे अस्पताल पहुंचे तो उसकी बहन का शव स्ट्रेचर पर पड़ा था। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है। मृतक महिला के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।