संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत अपर बसाल गांव में एक महिला की ओर से जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जीत राम निवासी गांव नारी जिला ऊना ने शिकायत में बताया कि उसकी बड़ी बेटी अनीता देवी की शादी गांव अपर बसाल के प्रवीण कुमार के साथ हुई थी। प्रवीण कुमार विदेश में रहते हैं। शादी के बाद अनीता देवी के दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। शिकायतकर्ता के अनुसार अनीता देवी सास-ससुर से अलग रहती थी। इसके बावजूद सास ओम प्रकाश और सास कश्मीरो देवी उसे तंग करते थे। सोमवार शाम करीब सात बजे अनीता देवी के बेटे ने फोन पर बताया कि दादा-दादी ने मां से झगड़ा किया और घर छोड़ने की बात कही। इसके बाद अनीता स्कूटी लेकर घर से निकल गई। जीत राम ने बताया कि वह अपने भतीजे सतनाम के साथ टक्का पुल पर पहुंचा तो अनीता अपनी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी करके बैठी मिली। पूछने पर अनीता ने बताया कि उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। परिजन तुरंत उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे। एसपी अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।