ऊना। जिला मुख्यालय ऊना में एक एटीएम के अंदर शातिर ने महिला का एटीएम बदलकर 78,700 रुपये निकाल लिए। खाते से धनराशि निकासी का एसएमएस मिलने और बैंक शाखा में जाकर पड़ताल करने पर इसका खुुलासा हुआ। पुलिस ने महिला की बेटी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सोनिया निवासी झारखड़ बंगाणा ने बताया कि वह बीते दिनों अपने मायके हलेड़ा तहसील हरोली गई थी। 18 मार्च को वह मां महिंद्र देवी के साथ खरीदारी करने ऊना बाजार गई। दोपहर 12 बजे मां ने पैसे निकालने के लिए अपना एटीएम कार्ड उसे दिया। उसने एलआईसी कार्यालय के समीप एसबीआई के एटीएम से 5000 रुपये निकाले। इस दौरान एक व्यक्ति एटीएम के अंदर खड़ा रहा। उसने उसे अपनी बातों में उन्हें उलझा लिया। जब उसने दोबारा एटीएम इस्तेमाल करना चाहा तो कार्ड ब्लॉक आने लगा। उसके बाद जब वे घर पहुंची तो मां के फोन पर 78,700 रुपये खाता से निकालने के मैसेज आए। जब उन्होंने अपने पास मौजूद एटीएम की जांच की तो पाया की वह मां का नहीं था। आरोप लगाया है कि शातिर व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदलकर उसकी मां के खाते से रुपये निकाले हैं। उन्होंने 20 मार्च सोमवार को दुलैहड़ बैंक में जाकर खाते की जांच करवाई तो 78,700 रुपये निकाले पाए गए। उधर, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एटीएम के अंदर लगे कैमरा से आरोपी की पहचान की जाएगी और जल्द उसे दबोचा जाएगा।