कहा, शिवबाड़ी मेले पर चैतन्य शर्मा के सवाल का जवाब दे केंद्र सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। पहलगाम नरसंहार को लेकर शिवबाड़ी मेले पर सवाल उठाने पर कांग्रेस ने पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा को जवाब दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चैतन्य शर्मा ने आरोप लगाया है कि इसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन पर संवेदना जताना हमारी संस्कृति है लेकिन पहलगाम नरसंहार पर खामोशी संवेदनहीनता नहीं बल्कि अपराध है। अब भाजपा हाईकमान को जवाब देने के लिए आगे आना चाहिए कि आखिर पहलगाम नरसंहार पर राष्ट्रीय शोक घोषित क्यों नहीं किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने वाले चैतन्य शर्मा अपनी ही पार्टी की केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को इसका जवाब देना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस सचिव रमन जसवाल, ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कंवर, युकां अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल डढवाल ने कहा कि वे इस बात के लिए पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा का समर्थन भी करते हैं और उनकी हिम्मत की दाद भी देते हैं कि उन्होंने कम से कम आवाज उठाने का दम तो दिखाया। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अपनी ही पार्टी के युवा नेता की ओर से उठाए गए सवाल का जवाब देना चाहिए कि आखिर क्यों केंद्र सरकार ने पहलगाम नरसंहार पर राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया।