भरवाईं (ऊना)। होम गार्ड वालंटियर मैनेजमेंट सिस्टम शुरू करने का एसोसिएशन ने स्वागत किया है। एसोसिएशन ने इसे पारदर्शिता और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। होम गार्ड्स वेलफेयर एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष जोगिंद्र सिंह चौहड़िया ने कहा कि राज्य सरकार की यह डिजिटल पहल पारदर्शी और न्यायसंगत ड्यूटी वितरण की मांग को पूरा करने की दिशा में सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी, ट्रेनिंग, छुट्टी और तैनाती से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने से न केवल व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी, बल्कि स्वयंसेवकों के बीच विश्वास भी मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि यदि इस प्रणाली को प्रभावी रूप से पूरे प्रदेश में लागू किया जाता है तो इससे प्रशिक्षित होम गार्ड स्वयंसेवकों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और लंबे समय से चली आ रही असमान ड्यूटी वितरण की समस्या का भी समाधान संभव हो सकेगा। उन्होंने इस पहल के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री, डीजी होम गार्ड्स हिमाचल प्रदेश और विभाग की पूरी टीम का आभार भी व्यक्त किया।