भरवाईं (ऊना)। धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच जेब कटने की घटनाओं की शिकायतें सामने आ रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षाकर्मियों ने सतर्कता बढ़ा दी जिसके चलते बाहरी राज्यों से आई तीन महिलाओं को जेब काटने के आरोप में पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।
चिंतपूर्णी में तैनात होमगार्ड के पीसी पूर्ण सिंह ने बताया कि नवरात्र के दौरान जेबकतरा गिरोह सक्रिय होने की आशंका के चलते मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान पांच महिलाएं संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई दिखाई दीं। सूचना मिलते ही सीसीटीवी ऑपरेटर और होमगार्ड के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके पास से एक श्रद्धालु के करीब 10 हजार रुपये बरामद हुए जिन्हें बाद में संबंधित श्रद्धालु को लौटा दिया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इनके साथ आए कुछ बच्चे श्रद्धालुओं की चप्पल आदि सामान चुराते हुए देखे गए। पीसी पूर्ण सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उनकी दो साथी मौके से भाग गईं। पकड़ी गई महिलाएं बाहरी राज्यों की हैं। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि मामले की जांच जारी है।