गगरेट (ऊना)। गगरेट क्षेत्र में बुधवार को अचानक बदले मौसम ने लोगों को ठंड का एहसास करा दिया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कुछ समय बाद तेज बारिश के साथ हवाएं चलने लगीं। बारिश और अंधड़ के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया, इससे लोगों को दिन में ही लाइटें जलानी पड़ीं। मौसम में अचानक आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और ठंडक बढ़ गई। पिछले कुछ दिनों से सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक महसूस की जा रही थी लेकिन बुधवार को दिन में हुई बारिश के बाद ठंड का असर और बढ़ गया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। तेज बारिश के दौरान सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले मौसम के इस बदलाव ने क्षेत्र में सर्दी की दस्तक को और मजबूत कर दिया है। क्षेत्र के लोगों विजय, रमणीक, अरविंद, संजीव आदि का कहना है कि यदि इसी तरह बारिश और हवाओं का दौर जारी रहा तो आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।