गगरेट (ऊना)। गगरेट पुलिस ने कलोह बेली चौक में नाकाबंदी के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के लकड़ी ले जा रही एक पिकअप को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह पुलिस टीम कलोह बाईपास मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान शिववाड़ी की ओर से एक पिकअप वहां पहुंची। पिकअप को काले रंग के तिरपाल से ढका हुआ था। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी जांच की तो उसमें लकड़ी के मोच्छे लदे हुए पाए गए। पुलिस ने वाहन चालक से लकड़ी को ले जाने संबंधी परमिट और अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने लकड़ी से लदी पिकअप को कब्जे में ले लिया। लकड़ी की प्रजाति, मोछों की संख्या और उनकी पैमाइश की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने मौके से वन विभाग के अधिकारी को भी सूचना दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में आदित्य ठाकुर (31) निवासी धार खरोटी, तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी को पुलिस ने नोटिस के माध्यम से जांच में शामिल होने के लिए पाबंद किया है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि की है।