जिले में मार्ग बंद होने से अलग थलग पड़ा जनजीवन
पानी, बिजली समेत मूलभूत सुविधाएं जुटाना हुआ मुश्किल
लोगों को पेश आ रही परेशानियां, वैकल्पिक मार्गों से लग रहा काफी समय
बंगाणा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 27 मार्गों पर आवाजाही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिलेभर में बुधवार को मौसम साफ रहा और धूप भी खिली रही, लेकिन हालात अभी सामान्य नहीं हो पाए हैं। पीने के पानी से लेकर बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को जुटाने में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिले में एक नेशनल हाईवे समेत 45 मुख्य व ग्रामीण सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं, जिससे कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होकर लगभग अलग-थलग पड़ गया है। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी बंद मार्गों को बहाल करने में पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। मौसम साफ रहने की स्थिति में आने वाले दिनों में इन मार्गों को बहाल करने में विभाग को सफलता मिलने की उम्मीद है। इससे जिले का जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौट सकेगा। ऊना-होशियारपुर नेशनल हाईवे पर सलोह के भदसाली क्षेत्र में पुल का एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे आवाजाही बंद है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कर यातायात को आंशिक रूप से बहाल किया है, लेकिन लोगों को फिर भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र
बंगाणा क्षेत्र में 27 सड़कें बंद हैं, जिससे यहां जनजीवन पूरी तरह से ठप हो गया है। अंब के भरवाईं क्षेत्र में सात, दौलतपुर चौक-गगरेट में एक, हरोली में पांच और सदर ऊना में भी पांच मार्ग अवरुद्ध हैं। इन मार्गों के बंद होने से वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। जिलाधीश ऊना जतिन लाल ने बताया कि मौसम साफ रहा तो आने वाले दिनों में सभी बंद मार्ग बहाल कर दिए जाएंगे और जनजीवन सामान्य हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियां मौसम पर निर्भर हैं, लेकिन यदि मौसम ने साथ दिया तो जिले में स्थिति जल्द ही सुधर जाएगी।