संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। कोविड-19 मामलों में बढ़ोतरी होने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना से बचाव से संबंधित एडवाइजरी जारी की है। कोरोना के नए वैरिएंट की दस्तक के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी चौकस हो गए हैं। विभाग और प्रशासन ने कोविड अनुरूप व्यवहार की पालना करने की अपील की है।
एडवाइजरी के अनुसार भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनना, सामाजिक दूरी के मापदंडों का सख्ती से पालना करने को कहा गया है। साथ ही हैंड सैनिटाइजेशन की अनुपालना करने के लिए कहा गया ताकि कोविड के प्रसार को रोका जा सके। इसके अलावा लोगों से कोरोना रोधी बूस्टर डोज लगाने के लिए आगे आने के लिए कहा गया है जिससे कि कोरोना संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके। जिले में अभी तक ढाई लाख से ज्यादा लोगों ने बूस्टर डोज नहीं लगवाई है।
विभाग और प्रशासन नियमों के पालन का आग्रह कर रहा है, लेकिन धरातल पर इन नियमों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। इस तरह आने वाले समय में स्थिति चिंताजनक हो सकती है। लोग भी लापरवाह होते हुए एडवाइजरी को हल्के में ले रहे हैं।
उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि संक्रमण को रोकने के लिए जिले में कोविड-19 उपयुक्त व्यवहार की पालना करना सुनिश्चित करें। कहा कि अगर किसी व्यक्ति में सर्दी, खांसी व जुकाम जैसे लक्षण हैं तो अपना आरटीपीसीआर टेस्ट करवाएं।ताकि संक्रमण का सही समय में पता चले सके और उसका प्रॉपर इलाज हो।