ठेकेदारों का सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम, अन्यथा करेंगे भूख हड़ताल
बोले-सुक्खू सरकार का अनोखा खेल, कार्य पूर्ण पर ठेकेदारों को पैसे का भुगतान नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
लठियाणी (ऊना)। जिला ऊना में ठेकेदारों के भुगतान में हो रही देरी के मुद्दे पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक दविंद्र कुमार भुट्टो ने उनका समर्थन करते हुए राज्य की सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि सुक्खू सरकार ने ठेकेदारों से टेंडर लेकर काम तो करवा लिया लेकिन जब कार्य पूरा हो गया, तब सरकार ठेकेदारों को भुगतान करने से बच रही है। इससे ठेकेदारों और उनके कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर ठेकेदारों की देनदारी का भुगतान नहीं हुआ तो वे भूख हड़ताल के साथ हर मंडल चौराहे पर राज्य की सुक्खू सरकार के खिलाफ आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। ठेकेदार लंबे समय से अपनी मेहनत की कमाई का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।