ऊना। सोमवार सुबह हुई बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के चलते पुराना उपायुक्त कार्यालय परिसर में एक बार फिर जलभराव हो गया। परिसर में कई स्थानों पर पानी जमा होने से कर्मचारियों और आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों में प्रेम कुमार, अश्वनी कुमार, राम स्वरूप, रोशन लाल, प्रदीप कुमार आदि ने बताया कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बारिश का पानी समय पर बाहर नहीं निकलने से पूरा लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बता दे कि पिछले साल भी बरसात में उक्त स्थान पर जलभराव हुआ था। लोगों ने बताया कि निकासी के लिए जो नाली बनाई गई है, वह जलभराव को रोकने के लिए उपयुक्त नहीं है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुराना उपायुक्त कार्यालय परिसर में जल निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। आयुक्त नगर निगम ऊना पृथी पाल सिंह ने कहा कि पानी की निकासी को सुचारु रखने के लिए कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए हैं। पुराना उपायुक्त कार्यालय के पास समस्या का स्थायी समाधान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।